लातेहार। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125 वें स्मरण पर्व के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष बंशी यादव की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने संबोधित करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार और आदर्श आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इन्हें जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है. इस अवसर पर गारू मंडल के सभी बूथों पर सफलतापूर्वक ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रसारण के लिए मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया.
कार्यालय परिसर में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन कर कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की जानकारी प्राप्त की. सम्मेलन में पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरिकृष्ण सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजधानी प्रसाद यादव, गढ़वा जिला प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह आदि मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सह जिला सांसद प्रतिनिधि अमलेश कुमार सिंह और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सह जिला सांसद प्रतिनिधि छोटू राजा ने किया.