
लातेहार। स्थानीय विधायक प्रकाश राम ने एक बार फिर राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और कथित भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल उठाए। बुधवार को लातेहार परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केवल लातेहार ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है और राज्य की खनिज संपदाओं की लूट हो रही है। विधायक प्रकाश राम ने आरोप लगाया कि राज्य में सड़क निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि लातेहार विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें पिछले कई वर्षों से निर्माण की प्रतीक्षा कर रही हैं। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में आवागमन तक मुश्किल हो गया है, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास प्रभावित हो रहा है।



