महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड में खाद की कथित कालाबाजारी और अवैध तस्करी के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. एक ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री और छत्तीसगढ़ तस्करी का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर प्रखंड मुखिया संघ ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार, बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित करार दिया है. इस बीच कृषि विभाग की जांच में भी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने आरोप लगाया कि महावीर मंदिर के समीप एक खाद-बीज दुकान से यूरिया एवं डीएपी सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं तथा बड़ी मात्रा में खाद की छत्तीसगढ़ तस्करी की जा रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में 8 से 10 अवैध गोदामों में खाद का भंडारण किया गया है. उन्होंने संबंधित दुकान का लाइसेंस रद्द करने, गोदामों को सील करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. वहीं शनिवार को प्रखंड मुखिया संघ की ओर से आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में महुआडांड़ मुखिया प्रमीला मिंज, अंबोवाटोली मुखिया रौशनी कुजूर, चंपा मुखिया सुषमा कुजूर, अक्सी मुखिया रोजिलिया टोप्पो, चैनपुर मुखिया रेणुका टोप्पो, गढ़बुढ़नी मुखिया रेणु तिग्गा, परहाटोली पंचायत समिति सदस्य निर्मला टोप्पो, सोहर मुखिया मगदली टोप्पो, कांग्रेस प्रदेश सचिव कांता एक्का, पूर्व मुखिया फ्रिदा कुजूर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रखंड में खाद की कोई कमी नहीं है. किसानों को नियमित रूप से खाद उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी किसान ने खाद की कमी या कालाबाजारी की शिकायत नहीं की है. इधर, शिकायत के बाद कृषि विभाग की टीम ने संबंधित दुकान और गोदाम की जांच की. एग्रिकल्चर इंस्पेक्टर कमल उरांव एवं बीटीएम रौशन कुजूर ने निरीक्षण के बाद बताया कि मौके पर केवल एक दुकान और एक गोदाम मिला. खाद की बिक्री का रिकॉर्ड नियमित पाया गया तथा जांच के दौरान छत्तीसगढ़ भेजे जाने या अवैध भंडारण का कोई प्रमाण नहीं मिला. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.