latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंडमहुआडांड़

भालू के हमले से महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों की तत्परता से बची जान

महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड की ओरसा पंचायत अंतर्गत चीरोपाठ निवासी स्मिता नागेसिया (35), पति रमेश नागेसिया, शुक्रवार की शाम करीब छह बजे भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना उस समय हुई जब वह चटकपुर बाजार से अपने घर लौट रही थीं.  घर के समीप झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई. सूचना मिलते ही समाजसेवी सलमान अहमद मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को अपने निजी चारपहिया वाहन से महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया.घटना की जानकारी मिलते ही वनपाल गुरुदयाल सिंह, प्रभारी वनपाल ओम प्रकाश पाल तथा वनकर्मी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे. वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराई गई तथा नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया. क्षेत्र में लगातार हो रही भालू के हमलों की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.  वन विभाग ने लोगों से जंगल एवं जंगल से सटे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अकेले आवाजाही से बचने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है. ओरसा पंचायत की मुखिया अमृता देवी ने भी ग्रामीणों से शाम ढलने के बाद जंगल से सटे इलाकों में नहीं जाने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है.

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button