लातेहार। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कुख्यात नक्सली रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी को सुरक्षा बलों की बड़ी एवं ऐतिहासिक सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सल मुक्त भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतुल शाह देव ने कहा कि रविंद्र गंझू वर्षों से लातेहार, लोहरदगा, पलामू एवं आसपास के क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बना हुआ था। उसका गिरोह पुलिसकर्मियों, निर्दोष ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, विकास कार्यों तथा सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर क्षेत्र में भय का माहौल बनाए हुए था। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने इस सफल अभियान के लिए सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस, केंद्रीय एवं राज्य की खुफिया एजेंसियों तथा विशेष रूप से लातेहार पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के बेहतर समन्वय, सटीक खुफिया सूचना और लगातार चलाए गए अभियानों के कारण रविंद्र गंझू पर निरंतर दबाव बना रहा। इसी रणनीति के चलते वह लगातार अपना ठिकाना बदलने और सीमित क्षेत्र में सिमटने को मजबूर हुआ। प्रतुल शाह देव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लातेहार पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर रविंद्र गंझू के दस्ते की कमर तोड़ दी थी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सुरक्षा बलों के साहस, धैर्य और समर्पण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से अपील की कि इसी दृढ़ता के साथ आगे भी अभियान जारी रखा जाए, ताकि रविंद्र गंझू के शेष सहयोगियों पर भी कार्रवाई कर लातेहार, लोहरदगा, पलामू समेत पूरे क्षेत्र को स्थायी रूप से नक्सल हिंसा से मुक्त बनाया जा सके।