बरवाडीह(लातेहार)। बरवाडीह के समाजसेवी रमेश प्रसाद गुप्ता ने अपनी पत्नी स्वर्गीय रीता देवी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया. इस अवसर पर गरीब, असहाय, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद लोगों के बीच अपने आवास पर बुला कर वस्त्र वितरण किया गया तथा उनके लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई_ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भाग लिया और परिवार की इस पहल की सराहना की. रमेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि उनकी दिवंगत पत्नी हमेशा जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित करती थीं. उनकी स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से हर वर्ष समाजहित में सेवा कार्य किए जाते हैं. उनका मानना है कि किसी प्रियजन की पुण्यतिथि पर दिखावे के बजाय जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है. इस सेवा कार्य में उनके पुत्र सुजीत कुमार गुप्ता और रंजीत कुमार गुप्ता ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. दोनों ने स्वयं उपस्थित रहकर बुजुर्ग महिलाओं, असहाय लोगों और गरीब परिवारों को भोजन कराया तथा वस्त्र वितरित किए. परिवार के सदस्यों ने जरूरतमंदों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना. कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी. कई बुजुर्गों ने परिवार को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं. उनका कहना था कि यदि सक्षम लोग अपने विशेष अवसरों पर इसी तरह जरूरतमंदों की सहायता करें तो समाज में मानवता और आपसी सहयोग की भावना और मजबूत होगी. स्थानीय लोगों ने भी रमेश प्रसाद गुप्ता एवं उनके परिवार की इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की.