महुआडांड़ (लातेहार)। शनिवार को थाना क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन ड्राइव चलाया गया. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान ओरसा पंचायत भवन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूजा कुमारी के नेतृत्व में ग्रामीणों को कई जानकारियां दी गयी. मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार व महिला थाना प्रभारी सुशीला केशरी मुख्य रूप से मौजूद थीं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी महिला को डायन कह कर प्रताडि़त करना एक दंडनीय अपराध है और इसमें सजा का प्रावधान है. उन्होने बाल विवाह व बाल श्रम नहीं कराने की बात कही. कहा कि लड़कों की 21 वर्ष एवं लड़कियों की 18 वर्ष से पहले विवाह नहीं कराना चाहिए. उन्होने किसी भी लालच या प्रलोभन में अपने नाबालिग बच्चों को दूसरे शहरों में काम करने के लिए नहीं भेजने की अपील की. युवाओं को नशापान से दूर रहने की सलाह दी गयी. कार्यक्रम में ग्रामीणों को दहेज उत्पीड़न, मानव तस्करी, साइबर अपराध, अवैध जावा महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री, सड़क सुरक्षा, जमीन विवाद, नशा उन्मूलन और डायल 112 की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में अन्य कई कानूनी प्रावधानों एवं सरकारी योजनाओ की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में महुआडांड़ स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां उपलब्ध करायी. बच्चों के बीच बिस्कुट और टॉफियों का वितरण किया गया. मौके पर आसपास के कई क्षेत्रों के ग्रामीण मौजूद थे.