बालूमाथ (लातेहार)। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार बालूमाथ एवं बारियातु थाना क्षेत्र में आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से पहुंचे दो संदिग्ध आरोपियों को पुलिस ने घटना को अंजाम देने से पहले गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया है. बालूमाथ थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी बिना नंबर की लाल अपाचे मोटरसाइकिल से क्षेत्र में पहुंचे थे. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, दो स्मार्टफोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस अधीक्षक लातेहार को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा की ओर से दो संदिग्ध व्यक्ति बालूमाथ बारियातु थाना क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए आ रहे हैं. सूचना के बाद मकईयाटांड़ पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय सिंह उर्फ डिम्पू उर्फ भीम सिंह, पिता स्व हरि सिंह, निवासी मदनपुर, थाना पेशरार, जिला लोहरदगा और शहजाद अंसारी, पिता स्व मुद्दीन अंसारी, निवासी सिन्जो, थाना कुडू, जिला लोहरदगा के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के कमांडर बादल उर्फ पवन के निर्देश पर क्षेत्र में विकास कार्यों में लगे ठेकेदारों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की है. इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 89/2026, दिनांक 23 जुलाई 2026 के तहत बीएनएस, आर्म्स एक्ट और सीएलए की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. छापेमारी दल में बालूमाथ के एसडीपीओ उमेश प्रसाद बालूमाथ थाना प्रभारी, बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, एसआई देवेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, अभिमन्यु कुमार, ददन प्रधान, आईआरबी 4 मकईयाटांड पिकेट के सशस्त्र बल सैट 6 के सशस्त्र बल और बरियातू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.