महुआडांड़ (लातेहार) महुआडांड़ अनुमंडल मुख्यालय स्थित एसडीओ एवं डीएसपी कार्यालय के पीछे लंबे समय से अवैध गौकशी एवं मवेशियों की तस्करी किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) पूजा कुमारी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापामारी अभियान में दो अलग-अलग स्थानों से कुल 27 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से गौकशी में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री भी जब्त की है।इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महुआडांड़ थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 एवं 3(5) तथा झारखंड पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 की धारा 12(1) एवं 12(3) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें मारूफ अंसारी एवं उनकी पत्नी, यूसुफ अंसारी एवं उनकी पत्नी, युबेद अंसारी पिता–मारूफ अंसारी, मंजुल अंसारी एवं उनकी पत्नी, मफूज अंसारी एवं उनकी पत्नी, आबिद अंसारी एवं उनकी पत्नी तथा मो. कैफ अंसारी उर्फ जावेद को नामजद अभियुक्त बनाया है। इनमें से मफूज अंसारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गौकशी और मवेशियों की तस्करी को लेकर स्थानीय लोगों में लंबे समय से नाराजगी थी तथा पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी सफलता मिली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। छापामारी अभियान में डीएसपी पूजा कुमारी, थाना प्रभारी मनोज कुमार, पुअनि इंद्रदेव रजवार, आनंद रवि, सअनि राम कुमार सिंह, नागेश्वर महतो, मो. शमशेर सहित महुआडांड़ थाना के पुलिस बल के जवान शामिल थे।