महुआडांड़ (लातेहार) महुआडांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से गुम एवं चोरी हुए छह मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) पूजा कुमारी के नेतृत्व में महुआडांड़ थाना परिसर में सभी मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल वापस किए गए। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय के सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन का लगातार ट्रैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। तकनीकी अनुसंधान और पुलिस के प्रयास से बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें, ताकि सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी ट्रैकिंग की जा सके। मोबाइल प्राप्त करने वालों में जसिंता टोप्पो पाकरडीह, थाना नेतरहाट, अन्ना कुजूर चटकपुर, महुआडांड़, आसिफ राजा महुआडांड़, अनुजा लकड़ा, अक्रमण एक्का कुरूंद तथा नारायण प्रसाद महुआडांड शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभुकों ने महुआडांड़ पुलिस एवं डीएसपी पूजा कुमारी का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस दिलाया जा सके।