लातेहार। स्थानीय परिषदन भवन मे आयोजित एक प्रेस वार्ता में पूर्व भाजपा विधायक हरिकृष्ण सिंह ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर काशी (वाराणसी) से प्रारंभ हुई पवित्र कलश यात्रा का आगमन गुरुवार को लातेहार में होगा. उन्होने कहा कि संत गुरु रविदास ने समता, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक और प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि कलश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हैृृ. भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने कहा कि कलश यात्रा के सफल आयोजन को लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं. उन्होंने बताया कि यात्रा के स्वागत और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है. भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पिंटू रजक ने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर ही समरस,समानतामूलक और सशक्त भारत का निर्माण संभव है. उन्होंने बताया कि यह कलश वंदन यात्रा 30 अगस्त तक जिला मुख्यालयों में पहुंचेगी. इसके बाद यात्रा मंडल स्तर और फिर बूथ स्तर तक जाएगी. बूथ स्तर पर कलश की पवित्र मिट्टी से संत रविदास मंदिर अथवा अन्य धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यहां रात्रि विश्राम के बाद यह रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए रवाना होगा. प्रेस वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे तथा जिला मंत्री मुकेश पांडेय सहित भाजपा के अन्य कई नेता मौजूद थे.