महुआडांड़ (लातेहार)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर शुक्रवार को महुआडांड़ प्रखंड सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में होने वाले झंडोत्तोलन के समय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि जिन संस्थानों में पूर्व से झंडोत्तोलन का समय निर्धारित है, वहां इस वर्ष भी उसी निर्धारित समय के अनुसार झंडोत्तोलन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद प्रखंड परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। समारोह के तहत आवासीय उच्च विद्यालय के खेल मैदान में फुटबॉल मैच का भी आयोजन होगा। इसमें संत जोसेफ और माइटी टीम के बीच मुकाबला होगा। बैठक में समारोह के दौरान सुरक्षा, अनुशासन, कार्यक्रमों के सफल संचालन तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी संतोष कुमार बैठा, जिला परिषद सदस्य ऐसतेला नगेसिया, प्रमुख कंचन कुजूर, उप प्रमुख अभय मिंज, कांग्रेस जिला आदिवासी अध्यक्ष अजित पाल कुजूर, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरुल होदा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशान्त सिंह, झामुमो युवा जिला सचिव परवेज आलम, पुअनि बंधन तिर्की, मो. नेजाम, जामा मस्जिद के सेक्रेटरी अब्दुल मतिन उर्फ गुड्डू, डॉक्टर सुबोध कुमार सिंह, जनसेवक रंजीत यादव, पंचायत सेवक करमा उरांव, अहिया अंसारी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।