महुआडांड़ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के चटकपुर गांव में 20 वर्षीय एक युवती नंदनी कुमारी का शव कुएं से मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मृतका की माता मुन्नी देवी ने महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में पु० आ०नि० इंद्र देव रजवार, एएसआई संजय कुमार ठाकुर एवं जिला पुलिस बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे. मृतका की माता मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि नंदनी कुमारी सुबह शौच के लिए घर के पास ही गई थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान पास स्थित कुएं में नंदनी का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. परिजनों एवं स्थानीय लोगों के प्रयास से शव को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. प्रथम दृष्टया मामला कुएं में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.