बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह रेलवे स्पोर्ट्स क्लब में रविवार को कराटे खिलाड़ियों के लिए बेल्ट टेस्ट ग्रेडिंग एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के करीब 40 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को कराटे की तकनीक, अनुशासन और आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए. वहीं बेल्ट ग्रेडिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले आठ खिलाड़ियों को नई बेल्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. बेल्ट ग्रेडिंग की परीक्षा सेंसेई मदन लाल ने ली. इसमें आरूश राज, शिवांश चौहान, गौरव कुमार, रेखा कुमारी और रौशन टोपनो को ग्रीन बेल्ट (8 क्यू) प्रदान किया गया. वहीं सोनाक्षी कुमारी और आर्यन गुप्ता को येलो बेल्ट (10 क्यू) तथा कृष्णा कुमार को पर्पल बेल्ट (6 क्यू) की उपाधि दी गई. सभी सफल खिलाड़ियों को बेल्ट के साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया.
मुंबई की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयारी
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को आगामी 27 सितंबर को मुंबई में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया. यह प्रतियोगिता वर्ल्ड फुनाकोशी शोतोकान कराटे ऑर्गनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों को विभिन्न कराटे तकनीकों का नियमित अभ्यास कराया गया. प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को काता, कुमीते, एडवांस बेसिक और कीहोन जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीक के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक बारीकियों का अभ्यास कराया. वहीं शिविर में सेंदाई जंग बहादुर सिंह, राहुल राम और चंदन कुमार ने भी प्रशिक्षण एवं बेल्ट ग्रेडिंग कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया. इसमें सन क्लेरेट रेलगाड़ी बरवाडीह स्कूल तथा चिल्ड्रेन पैराडाइज स्कूल, छिपादोहर के बालक-बालिकाओं ने भी भाग लिया. आयोजकों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में कराटे के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है.