बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय के प्राचीन पहाड़ी मंदिर समेत विभिन्न मोहल्लों से श्रद्धालुओं का कांवरिया जत्था रविवार को बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ. यात्रा शुरू करने से पहले कांवरियों ने प्राचीन पहाड़ी मंदिर, पंचमुखी शिव मंदिर और बस स्टैंड स्थित आदि शक्ति महावीर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. पूजा के बाद श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ देवघर के लिए रवाना हुए. कांवरियों में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह नजर आया. यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े. कांवरियों के रवाना होने के दौरान बरवाडीह का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. देवघर जाने वालों में निरंजन सिंह, शशि कुमार, राजू कुमार, राजकुमार यादव, विक्की कुमार, रविंद्र कुमार, राजू कुमार, नीलेश यादव, बसंत पाल समेत कई श्रद्धालु शामिल है.