लातेहार। झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, लातेहार के बैनर तले जेएसएलपीएस में कार्यरत 372 डाटा एंट्री ऑपरेटरों (DEO) की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही. इसी क्रम में हड़ताली डाटा एंट्री ऑपरेटरों का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया. मांग पत्र में सभी डाटा एंट्री ऑपरेटरों एल-7 में शामिल कर उसी के अनुरूप मानदेय एवं अन्य लाभ प्रदान करने की मांग की गयी. प्रतिनिधि मंडल ने सांसद श्री राम को अवगत कराया कि डाटा एंट्री ऑपरेटर लंबे समय से जेएसएलपीएस के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें अब तक एल-सेवेन का लाभ नहीं मिल पाया है. उन्होने हड़ताल के बाद सरकार द्वारा गठित समिति का स्वागत किया और कहा कि समिति उनकी मांगों पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेगी. हालांकि, संघ का कहना है कि केवल समिति का गठन पर्याप्त नहीं है. जब तक एल-7 में शामिल करने का ठोस निर्णय लेकर पत्र निर्गत नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. संघ ने सरकार एवं संबंधित विभाग से राज्य के 372 डाटा एंट्री ऑपरेटरों के भविष्य और उनकी वर्षों की सेवा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एल- 7 में शामिल करने का पत्र जारी करने की मांग की है. मौके पर चंदन कुमार, रविशंकर मिश्रा, निखत चिश्ती, निरंजन उरांव,
जाहिदुल अंसारी व सुजीत प्रसाद मौजूद थे.