latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंड

अपडेट: चार वर्दीधारियों ने चलायी थी 7-8 राउंड गोलियां, कंप्‍यूटर आपरेटर को लगी थी गोली

बालूमाथ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड द्वारा संचालित मगध कोलियरी के चमातू में बुधवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने 22 नंबर कांटा घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जाता है कि हथियारबंद अपराधियों ने करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग की. गोलीबारी में कांटा घर के कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव के पैर में गोली लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार वर्दीधारी अपराधी कांटा घर पहुंचे थे. वहां पहुंचते ही उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से कांटा के पास अफरा तफरी मच गई. इस दौरान अरुण उरांव चपेट में आकर घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और कोलियरी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. घायल अरुण उरांव को तत्काल बालूमाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां डॉ संजय सिद्धार्थ ने उनका प्राथमिक उपचार किया. पैर में गोली लगने के कारण उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस टीम के साथ चमातू स्थित घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया. इस दौरान पुलिस को दो खोखे और एक जिंदा कारतूस मिला है. पुलिस के अनुसार बरामद जिंदा कारतूस अत्याधुनिक हथियार का प्रतीत हो रहा है. फायरिंग के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा भी छोड़ा है. पर्चे में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली है. इसमें वीपीआर कंपनी के प्रभाकर रेड्डी को धमकी दी गई है. पर्चे में कहा गया है कि बिना मैनेज किए काम करने पर अंजाम बुरा होगा. अपराधियों ने छोड़े गए पर्चे में लिखा है, कि गोली किसी कर्मचारी या ऑपरेटर को देखकर नहीं चलेगी. इस धमकी भरे पर्चे के सामने आने के बाद पुलिस लेवी से जुड़े विवाद के एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि, फायरिंग के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा. घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से मिले खोखे, जिंदा कारतूस और पर्चे को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर जांच कर रही है. बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है, और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. फायरिंग में घायल कंप्यूटर ऑपरेटर के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. गोलीबारी की इस घटना से कोलियरी क्षेत्र में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है.

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Related Articles

Back to top button