लातेहार। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध तथा भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ निकाली। यात्रा की शुरुआत जिला अध्यक्ष निशांत यादव के नेतृत्व में माको डाक बंगला से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय के समीप पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों की मांगों के समाधान की मांग उठाई।
समाहरणालय के समीप सभा को संबोधित करते हुए जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है. उन्होंने कहा कि रोजगार और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर दमनात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है. देवेंद्रनाथ महतो ने तीखे अंदाज में कहा, “सुनो जनता, आपकी दुकान में कपड़ा, जूता-चप्पल, चावल, दाल, सब्जी और फल बिकते होंगे, लेकिन अभय तिवारी की दुकान में नौकरी बिकती है, वहां बीडीओ, सीओ और पुलिस दारोगा बिकता है।” उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए तथा परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलनरत हैं. सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि भर्ती व्यवस्था में सुधार और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
यात्रा में जेएलकेएम के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए.