लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले के बारियातू थाना क्षेत्र में अवैध पोस्ता व अफीम की खेती के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बालूभांग, फूलसू एवं शिबला पंचायत के जनप्रतिनिधियों के अलावा सरकारी कर्मचारी व ट्रैक्टर मालिकों ने भाग लिया. इस दौरान सभी को अवैध रूप से पोस्ता की खेती को पूर्णतः रोकने और समाज पर इसके पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया. ग्रामीणों को अवैध पोस्ता की खेती से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पुलिस की छापेमारी और होने वाली कड़ी सजा के बारे में बताया जा गया. अधिकारियों ने बताया कि इससे युवाओं का भविष्य बर्बाद होता है, परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती है और क्षेत्र की शांति तथा सामाजिक ताने-बाने पर बुरा असर पड़ता है. कानूनी कार्रवाई को कड़ा करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 47 के तहत नोटिस हस्तगत (सर्व) कराया गया, ताकि वे अपने क्षेत्रों में इस अवैध गतिविधि को रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. मौके पर बारियातू थाना के कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे.