लातेहार। श्री सूर्यनारायण पूजा समिति, चाणक्यनगरी ने छठ पूजा की तैयारियां प्रारंभ कर दी है. चाणक्यनगरी स्थित महावीर अखाड़ा में आयोजित बैठक मे इस वर्ष भी छठ व्रतियों को छठ पूजा पर विशेष सुविधायें देने का निर्णय गया था. शनिवार को समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्य चंदा संग्रहण के लिए निकले. चाणक्यनगरी से चंदा संग्रहण का कार्य शुरू किया गया. अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के द्वारा छठ व्रतियों को कई प्रकार की सुविधायें दी जायेगी. उन्होने बताया कि बाइपास चौक से राजहार एवं छठ घाट तक सड़क के दोनो ओर आकर्षक विद्युत सज्जा की जायेगी. कई जगहों पर तोरण द्वार बनाये जायेगें. उन्होने बताया कि औरंगा नदी मुख्य छठ घाट पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था की जायेगी. इसके अलावा अस्थायी स्नानागार भी बनाये जायेगें. मौके पर अनिल गुप्ता, मनीष दास, मंटू प्रसाद, छोटू प्रसाद समेंत कई लोग शामिल थे.
गंगा आरती होगी आकर्षण का केंद्र
अध्यक्ष सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी गंगा आरती की जायेगी. इसके लिए वाराणसी के पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है. गंगा आरती के लिए विशाल मंच बनाया जायेगा. उन्होने बताया कि षष्ठी तिथि को संध्या में और सप्तमी तिथि को सुबह में गंगा आरती की जायेगी. श्री सिह ने बताया कि इसके अलावा भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जायेगी. सप्तमी तिथि को प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
तीन करोड़ रूपये की लागत से बनाया जा रहा है सूर्य मंदिर
समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि औरंगा नदी छठ घाट पर सूर्य मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसके निर्माण में समाज के हर तबके के लोगों का तन, मन व धन से सहयोग मिल रहा है. उन्होने बताया कि कोई सार्वजनिक निर्माण कार्य बिना सामुहिक सहयोग के पूरा नहीं हो पाता है. उन्होने मंदिर निर्माण में अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग करने की अपील लोगों से की है. सिंह ने बताया कि कुल तीन करोड़ रूपये की लागत से 20 डिसमिल भूमि में मंदिर का निर्माण कराया जायेगा. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर के नीचे हॉल बनेगा. ऊपरी तल्ले में सात गुंबद होंगे. सबसे बड़े गुंबद की ऊंचाई 81 फीट होगी.