लातेहार। विद्यार्थियों में शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक सीख को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मुरूप, लातेहार से 32 सदस्यीय दल रविवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए भुवनेश्वर, (ओडिशा) रवाना हुआ. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अभय कुमार पांडेय ने बताया कि भ्रमण में विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल है. रविवार को रांची के हटिया रेलवे स्टेशन से रेलमार्ग से दल रवाना होगा और सोमवार को भुनेश्वर पहुंचेगा. उन्होंने बताया कि चार दिवसीय इस शैक्षणिक भ्रमण के बाद 16 सितंबर को दल लातेहर लौटेगा. शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. शैक्षणिक भ्रमण से स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण बातें सीखने का अवसर मिलेगा. श्री पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों के ज्ञान का दायरा बढ़ता है, उनमें आत्मविश्वास विकसित होता है तथा वे पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ पाते हैं. विद्यालय परिवार ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने 32 सदस्यीय दल के मंगलमय यात्रा की कामना की.