महुआडांड़ (लातेहार) प्रखंड के स्थानीय आवासीय विद्यालय स्टेडियम में शनिवार को प्रखंड स्तरीय शहीद स्मारक नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और किक मारकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उद्घाटन मुकाबला महुआडांड़ फुटबॉल क्लब और अक्सी फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गेंद पर कब्जे और गोल करने को लेकर जोरदार संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक मुकाबले में महुआडांड़ फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए अक्सी फुटबॉल क्लब को 3-0 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच में रेफरी की भूमिका तबरेज खान उर्फ बाबा ने निभायी।आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 31 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी सांत्वना पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। आयोजन समिति के संचालक सह कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तखार अहमद ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और प्रखंड क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना आयोजन समिति की प्राथमिकता है।मौके पर टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष सह कोंग्रेस युवा प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहेल, प्रमुख कंचन कुजूर, उपप्रमुख अभय मिंज, जिला कांग्रेस आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन, युवा मुखिया प्रमिला मिंज, रोशनी कुजूर, सुषमा कुजूर, ऊषा खलखो, रामनरेश ठाकुर, इस्तियाक अहमद, सद्दाम आलम (शेरू), खुशदिल खान, कन्हैया कुमार, शहीद अख्तर, सद्दाम खान, पप्पू खान, राजेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी मौजूद थे।