Untitled-1 copy
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंडबालुमाथ

प्रखंड कार्यालय में धूलकण व प्रदूषण नियंत्रण के लिए उपायुक्त के निर्देश पर गठित समिति की बैठक आयोजित, बाईपास निर्माण व भारी वाहनों के लिए नो इंट्री की मांग पर अड़े लोग.

बालूमाथ (लातेहार):- बालूमाथ में कोयला वाहनों के परिचालन से उड़ने वाली धूल और बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर उपायुक्त लातेहार के निर्देश पर गठित समिति की बैठक सोमवार को बालूमाथ स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. जिसमें तुबेद कोल परियोजना संचालित करने वाली कंपनी डीवीसी व एमडीओ कंपनी डेवलेक्टो, सीसीएल की तेतरियाखाड़ परियोजना व मगध संघमित्रा के प्रतिनिधि शामिल हुए. व्यावसायिक संघ के लोगों ने मुख्य रूप से कोयला परिवहन के लिए बायपास सड़क व जब तक बाईपास सड़क का निर्माण नहीं हो जाये तब तक भारी वाहनों का सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक नो इंट्री लागू किए जाने की मांग की. बैठक की अध्यक्षता कर रहे अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने कंपनी प्रतिनिधियों से इस पर उनका पक्ष रखने को कहा. इस पर तुबेद कोल परियोजना संचालित करने वाली कंपनी डीवीसी व एमडीओ कंपनी डेवलेक्टो के द्वारा बताया गया कि बालूमाथ स्थित टमटमटोला चौक से बालूमाथ रेलवे ओवरब्रिज तक बाईपास सड़क निर्माण के लिए चिह्नित किया जा रहा है. इस दिशा में आगे की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी. कोयला परिवहन के दौरान धूल कणों की रोकथाम के लिए केंद्रीय व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा समय समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है. कंपनी के द्वारा बताया गया कि पिछले एक सप्ताह से सड़क की नियमित सफाई मजदूरों के माध्यम से की जा रही है. डेवलेक्टो माइनिंग के मैनेजर बलराम पांडेय ने जानकारी दी कि एक अक्टूबर से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पूर्णकालिक एम्बुलेंस कंपनी के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा. नियमित जल छिड़काव के साथ से उपकरण से धूल नियंत्रण के सभी संभावित उपाय लागू किए जाएंगे. बैठक में सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड़ परियोजना व मगध परियोजना के द्वारा सीएसआर व प्रदूषण नियंत्रण के मामले में शिथिल रवैया अपनाने पर स्थानिय लोगों ने गहरा क्षोभ व्यक्त किया. साथ ही डीवीसी से सीएसआर के तहत बालूमाथ में शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यकता बताई गई. अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण व बायपास सड़क निर्माण किए जाने की जो मांग की गई है, उसे उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए इस पर शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा. बैठक में यात्री बसों को अन्यत्र खड़े करने पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई. जिला खनन पदाधिकारी नदीम सैफी ने कहा कि खनिज परिवहन से होने वाले वायु प्रदूषण की रोकथाम के साथ सड़क सुरक्षा और जान-माल की सुरक्षा से जुड़े उपायों पर भी सार्थक चर्चा हुई है. इस पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने समय समय पर कोयला परिवहन में लगे हाइवा व ट्रक के चालकों से नियमित रूप से लाइसेंस व अन्य कागजात जांच किए जाने की बात कही. व्यवसाई संघ ने पदाधिकारियों को बताया कि 23 सितंबर तक इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय नहीं लिये जाते हैं, तो मजबूरन व्यवसाई 24 सितंबर से आंदोलन के लिए मजबूर होंगे. बैठक में मुख्य रूप से जिला परिषद उपाध्यक्ष सह बालूमाथ पश्चिमी जिला परिषद सदस्य अनीता देवी, अंचल अधिकारी बालेश्वर राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव, थाना प्रभारी अनुभव सिंहा, डीवीसी के महाप्रबंधक एके ठाकुर, मगध संघमित्रा क्षेत्र के महाप्रबंधक, तुबेद कोल परियोजना के माइनिंग मैनेजर जयप्रकाश, अमित कुमार, डेवलेक्टो माइनिंग के इफ्तेख़ार खान, बलराम पांडेय, तेतरियाखाड़ के परियोजना पदाधिकारी जयप्रकाश रावत, सांसद प्रतिनिधि प्रेम प्रसाद गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि संजय यादव, मुखिया नरेश लोहरा, चेताग पंचायत समिति सदस्य ईश्वरी पासवान, पिंटू नायक, जदयू जिला अध्यक्ष निजामुद्दीन कुरैशी समेत व्यवसाई संघ व बालूमाथ के अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे.

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!