महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत परहाटोली पंचायत के ग्राम बिश्रामपुर में पचोरा ग्राम सभा संगठन समिति के तत्वावधान में करम मिलन समारोह का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अजय राज खलखो उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में कांग्रेस जिला आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, मुखिया रीता खलखो, पंचायत समिति निर्मला टोप्पो,मूसा किंडो, कोमल किंडो एवं मेल प्रकाश खलखो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे. समारोह में कूरो, बिश्रामपुर, उदलखाड़, शाहपुर, डूमरडीह समेत आसपास के करीब 7-8 गांवों से आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए. सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाज एवं उल्लास के साथ करम पर्व मनाया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक नृत्य-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. पारंपरिक वेशभूषा में महिला-पुरुषों और युवाओं ने मांदर की थाप पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा की आकर्षक झलक पेश की। इससे पूरा आयोजन स्थल उत्सव के रंग में रंगा नजर आया. वक्ताओं ने कहा कि करम पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, प्रकृति प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया.