बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया. शिविर में कुल पांच लोगों ने रक्तदान किया. इस दौरान अंकित पांडेय, अशोक कुमार रवि, मुनेश गंझू, दिनेश यादव एवं अनिल सिंह ने रक्तदान किया. रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई. चिकित्सकों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है. दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में समय पर रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है. चिकित्सकों ने कहा कि निर्धारित स्वास्थ्य मानकों को पूरा करने वाले स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से सामान्यतः शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है. रक्तदान के बाद शरीर प्राकृतिक रूप से रक्त की पूर्ति करता है. उन्होंने लोगों से नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की. शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर शंकर मिश्रा, प्रीति कुजूर, प्रमिला कुमारी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी एवं अन्य लोग मौजूद थे.