लातेहार। सोमवार को विश्व रेबीज दिवस मनाया गया. इस अवसर पर जिला पशुपालन विभाग की ओर से जिले के सभी प्रखंडों में निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पशुपालन चिकित्सालय में कुत्ते-बिल्लियों के साथ आवारा कुत्तों का भी टीकाकरण किया गया. साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और जिन पशुओं का टीकाकरण कार्ड नहीं था, उनका कार्ड भी बनाया गया.
जिला पशुपालन पदाधिकारी सुषमा पधरिया ने कहा कि रेबीज एक गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है. उन्होंने पशुपालकों से अपने कुत्तों को नियमित रूप से रेबीज का टीका लगवाने की अपील की. खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां कुत्तों के जंगली जानवरों के संपर्क में आने की संभावना रहती है, वहां टीकाकरण को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि रेबीज पखवाड़ा के दौरान जिले में जागरूकता अभियान भी चलाया गया. इसके लिए आठ एंबुलेंस के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों को रेबीज से बचाव और टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पशुओं को समय पर टीका लगवाएं और किसी संदिग्ध मामले में तत्काल पशुपालन विभाग से संपर्क करें. अनुमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने भी पशुपालकों से अपने पालतू कुत्तों का नियमित टीकाकरण कराने की अपील की. विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर रामप्यारे प्रसाद (धर्मपुर) आशीष बाड़ा (पहाड़पुरी), गाडविन बाड़ा (चंदनडीह) अमन बाखला (पहाड़पुरी) सहित अन्य पशुपालकों ने अपने जानवरों का टीकाकरण कराया. मौके पर पशु शल्य चिकित्सक सिपिरियन गुड़िया, मॉडल पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्यजय केरकेट्टा, कार्यालय विनय सिंह, शत्रुघ्न कुमार पांडेय, पौलुस कुजूर, लेखापाल राजकुमार यादव व सौरभ वर्मा सहित अन्य मौजूद थे.