लातेहार। सड़क सुरक्षा व अतिक्रमण को ले कर इन दिनों नगर पंचायत काफी संख्त है. नगर पंचायत क्षेत्र में सड़कों में किये जा रहे अतिक्रमण पर ले कर लगातार कार्रवाई की जा रही है. मंगलवार को पानी टंकी के पास कार्रवाई करते हुए सड़क पर आलू बेच रहे एक व्यवसायी की एक ट्रैक्टर आलू व अन्य सामानों को नगर पंचायत ने जब्त किया था. इधर, बुधवार को भी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के द्वारा शहर के धर्मपुर मोड़ पर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान कुछ लागों के द्वारा इस पर बाधा पहुंचाने का प्रयास किया गया. इस पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर सदर थाना में तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. श्री रंजन ने बताया कि अतिक्रमण व सड़क सुरक्षा को ले कर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उन्होने शहर के दुकानदारों से अपने दुकानों का सामान नगर पंचायत के नाली-स्लैब या अन्य किसी सरकारी जगह को अतिक्रमण कर नहीं रखने की अपील की है. उन्होने सड़क के किनारे ठेला व खोमचा तथा वाहन लगाने वालों को भी सख्त हिदायत दी है. उन्होने कहा कि अभियान के दौरान अगर ऐसा पाया जाता है तो जुर्माना वसूला जायेगा और अन्य कानूनी कार्रवाई की जायेगी.