लातेहार। जिला मुख्यालय स्थित जिला खेल स्टेडियम परिसर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने की. जबकि कार्यक्रम जिला संगठन प्रभारी मनीर उरांव के सानिध्य में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, पलामू प्रमंडल प्रभारी विकास प्रीतम एवं पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह मौजूद थे. कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों से हुई. इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया. एलसीडी पैनल के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सेवा भावना को संगठन की कार्यसंस्कृति का आधार बनाकर समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रत्येक नागरिक से अपने स्तर पर योगदान देने की अपील की. अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई और राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ. कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा को जिला खेल स्टेडियम से रवाना किया गया. यात्रा लातेहार के प्रमुख मार्गों से होते हुए थाना चौक स्थित महावीर मंदिर पहुंची. यहां पंडित त्रिभुवन पांडेय के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर सेवा ज्योति स्थापित की गई. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजधानी प्रसाद यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे एवं अनिल सिंह, जिला महामंत्री सह सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, जिला महामंत्री छोटू राजा, लोजपा (रामविलास) प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद, जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय एवं ध्रुव पाण्डेय, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर यादव, जिला मंत्री आशा, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु गुप्ता, महिला मोर्चा महामंत्री अर्पणा सिंह समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.