लातेहार। भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जोश (Joint Squad for Health) टीम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर जोश टीम के लोगो एवं मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया गया. लातेहार जिले में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो की उपस्थिति में जोश टीम अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया. इस दौरान पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने टीबी उन्मूलन के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया. जोश टीम के माध्यम से युवाओं को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा. टीबी मरीजों को सहयोग देने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा समाज में टीबी को लेकर फैले भ्रम और भेदभाव को दूर करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है. जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जगदीश प्रसाद ने कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से समुदाय स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और मरीजों को आवश्यक सहयोग मिलेगा. कार्यक्रम में डीपीएम निर्मल कुमार दास, जिला कार्यक्रम समन्वयक मदन लाल गुप्ता, मो. इमरान सहित राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही.