उपायुक्त संदीप कुमार ने गिनाईं जिले की विकास उपलब्धियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा
लातेहार।झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पूर्णिमा देवी, उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद, परियोजना पदाधिकारी (आईटीडीए)रौशनी मिंज, अपर समाहर्ता सुलेमान खजरी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, जिप सदस्य विनोद उरांव और बलवंत सिंह आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्य और जिले में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इस दिशा में सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. मुख्य अतिथि उपायुक्त संदीप कुमार ने जिले की विकास उपलब्धियों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि लातेहार जिला विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर तरक्की कर रहा है. सभी विभाग नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं. उन्होंने विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया. अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष पूर्णिमा देवी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की. वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि झारखंड गठन के 25 वर्षों बाद राज्य ने कितनी प्रगति की है, इस पर आत्ममंथन करने की आवश्यकता है. हालांकि उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियों में काफी सुधार हुआ है. उन्होंने विकास के साथ-साथ जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया. इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दी. कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को उपायुक्त समेत अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया. विभिन्न विभागों के द्वारा परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रभात कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार व नेहा साहू, जिला जन संपर्क अधिकारी डॉ चंदन, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, अंचल अधिकारी नंदकुमार राम समेत अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे