लातेहार। तमिलनाडु में कार्यरत लातेहार जिले के प्रवासी श्रमिक स्व मंटू तूरी, पिता संजय तूरी, ग्राम–सासंग, पोस्ट–कैमा, थाना एवं जिला–लातेहार का पिछले 11 नवंबर को निधन हो गया था. उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा उनके पार्थिव शरीर को तमिलनाडु से पैतृक निवास स्थान तक लाने की व्यवस्था की गई थी. इसी क्रम में पार्थिव शरीर को पैतृक निवास स्थान तक लाने में हुए खर्च के विरुद्ध नियमानुसार अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूर सर्वेक्षण एवं पुनर्वास योजना के अंतर्गत मृतक प्रवासी श्रमिक स्वर्गीय मंटू तूरी के आश्रित पिता संजय तूरी को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी एवं श्रम अधीक्षक दिनेश भगत द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया. इस अवसर पर श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने प्रवासी श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने वाले सभी श्रमिक प्रवास पर जाने से पूर्व श्रम विभाग में अपना निबंधन अवश्य कराएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विभाग द्वारा उन्हें एवं उनके परिजनों को ससमय नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके.