लातेहार। वेटरन ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड की लातेहार यूनिट की ओर से आठ अक्टूबर को कारगिल पार्क, लातेहार में 94 वां भारतीय वायुसेना दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कोर्ट के राजीव कुमार उपाध्याय के अलावा पूर्व वायु सैनिक प्रेम प्रकाश शुक्ला एवं अरुण कुमार सहित कई पूर्व सैनिक, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद थे. मुख्य अतिथि राजीव कुमार उपाध्याय ने कारगिल में आदमकद सैनिक की प्रतिमा में माल्यार्पण कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उपस्थित दोनों पूर्व वायु सैनिकों को सम्मानित किया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से की गयी. वायुसेना दिवस का केक काटकर समारोह मनाया गया. अवसर पर भारतीय वायुसेना के आदर्श वाक्य “Touch the Sky with Glory” (नभः स्पृशं दीप्तम्) को भी स्मरण किया गया. वेटरन ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक मुकेश कुमार ने कहा कि जब सैनिक वर्दी में देश की सेवा करते हैं तो वे अपने घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्रहित एवं जनहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी देश के प्रति वही जुनून और जज्बा कायम रहता है. उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में विशेष अवसरों पर गांव-गांव जाकर जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा रही है. युवाओं को राष्ट्रसेवा और सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करने का प्रयास भी किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी उनके सामने कोई सैनिक या पूर्व सैनिक आए तो उसका सम्मान अवश्य करें, क्योंकि यह सम्मान देश की सेवा के प्रति सम्मान है. वायुसेना दिवस से पूर्व सैनिकों एवं स्थानीय निवासियों द्वारा सात अक्टूबर को अनाज-दान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था. उल्लेखनीय है कि जरूरतमंद लोगों की सहायता की यह पहल सबसे पहले समाजसेवी स्वर्गीय बलिराम सिंह के द्वारा की गई थी. इस अवसर पर उनके सुपुत्र कुमार माधवन ने अपने पिता द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों एवं उनके योगदान को याद किया. कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं संगठन के पूर्व सैनिक मुरारी प्रसाद शर्मा ने कार्यक्रम की अगुवाई की. कार्यक्रम में पूर्व सैनिक किशोर उरांव, खाटू श्याम इंडेन के राजीव रंजन सिंह, पंजाब नेशनल बैंक, लातेहार के मुख्य खजांची रवि टोपनो सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे.