लातेहार। सड़क सुरक्षा को ले कर उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर गुरूवार की शाम शहर के मुख्य पथ पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. पुलिस उपाधीक्षक ( मुख्यालय) प्रदीप कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने व बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की जांच की गयी. मौके पर पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौत हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण होती है. जबकि रात में अधिकांश सड़क दुर्घटनायें शराब पी कर वाहन चलाने से होती है. उन्होने आम लोगों से सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. कहा कि सड़क पर खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें. दुर्घटनाओं में जानमाल की काफी क्षति होती है. जांच के दौरान पुलिस ने ब्रेथलाइजर से चालकों की जांच की. जांच अभियान में सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान और पुलिस बल के जवान शामिल थे.