लातेहार। लातेहार के क्रिकेट को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला क्रिकेट संघ के सचिव अमलेश कुमार सिंह ने एक और उपलब्धि हासिल की है. उन्हें लगातार दूसरी बार सीनियर नायडू अंडर-23 स्टेट टीम का मैनेजर बनाया गया है. उनकी इस उपलब्धि से लातेहार के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है. बता दें कि अमलेश कुमार सिंह वर्ष 2018 से लगातार लातेहार जिला क्रिकेट संघ के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके सचिव बनने के बाद जिले में क्रिकेट गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिला है. नियमित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है. संघ की ओर से उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार अमलेश कुमार सिंह ने स्थानीय क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनकी कार्यक्षमता और क्रिकेट के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार अंडर-23 स्टेट टीम का मैनेजर बनाया गया है. लगातार दूसरी बार टीम मैनेजर बनाए जाने को लातेहार जिला क्रिकेट संघ के लिए भी गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है. अमलेश कुमार सिंह की इस सफलता पर संघ के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह सहित संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्रिकेटप्रेमियों ने बधाई दी है.