लातेहार। श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि को किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभागियों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों ने तालियां बजा कर प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की. प्रतियोगिता में स्वर्णिका अग्रवाल ने प्रथम, रागिनी ने द्वितीय तथा बरखा रानी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया. जबकि तीयषा और आदित्य टैगोर को उनकी गायन के लिए स्पेशल प्राइज दिया गया. प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली स्वर्णिका अग्रवाल ने मां काली का वेश धारण कर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रस्तुति दी. कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया. सबों को समिति के द्वारा मेडल प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया गया. उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया. पुरस्कार वितरण समारोह में मंदिर समिति के सचिव आशीष टैगोर, कोषाध्यक्ष राजू रंजन सिंह, दुर्गा पूजा समिति-2026 के अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार साहू एवं दीपक विश्वकर्मा ने विजेता और अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में मंच संचालन राजन कुमार ने किया. इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव आशीष टैगोर ने प्रतिभागियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है. सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी कला, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं. सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं. प्रतियोगिता में पुरस्कार महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभागियों का मंच पर आकर अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करना है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के समापन पर समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया.