बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ वन क्षेत्र अंतर्गत मारंगलोइया पंचायत के विशुनपुर जंगल में एक जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल वन विभाग की ओर से मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया गया है. अब मेडिकल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. प्रथम दृष्टया हाथी का शव एक सप्ताह से अधिक पुराना हो सकता है. जानकारी के अनुसार जंगल में हाथी का शव मिलने की सूचना पर बालूमाथ वन क्षेत्र के रेंजर नंद कुमार राम ने इस संबंध में जानकारी मिलने पर वनपाल आनंद शंकर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजा. टीम मौके पर पहुंचकर हाथी की मौत से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी है. वनपाल आनंद शंकर ने हाथी का शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि गुरुवार को मेडिकल टीम द्वारा मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.