दो माह में एफओबी पूरा करने का आश्वासन पर आंदोलन समाप्त
लातेहार। जिले के चंदवा के टोरी रेलवे क्रासिंग में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को आजसू पार्टी ने टोरी जंक्शन परिसर में रेल रोको आंदोलन किया. आंदोलन का नेतृत्व आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने किया. बाद में रेलवे अधिकारियों के साथ वार्ता और लिखित समझौते के बाद समाप्त हो गया.
आंदोलन के दौरान रेलवे के एडीआरएम (इंफ्रा) संतोष कुमार ने अधूरे रेलवे अंडरपास को जल्द चालू कराने तथा टोरी जंक्शन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को दो माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया. हालांकि, क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया. इससे लोगों की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान पर संशय बरकरार है. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह आंदोलनकारी टोरी रेलवे फाटक के समीप एकत्रित हुए. यहां से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए टोरी जंक्शन परिसर पहुंचे. सुबह करीब 10 बजे आंदोलनकारियों ने जंक्शन परिसर में प्रवेश कर रेल परिचालन रोकने का प्रयास किया. हालांकि, रेलवे की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे रेल परिचालन बाधित करने में सफल नहीं हो सके. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जंक्शन के प्रवेश द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच रेलवे के एडीआरएम इंफ्रा संतोष कुमार ने आजसू प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की. मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे. वार्ता में सहायक मंडल आयुक्त संजय कुमार द्विवेदी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह और स्टेशन अधीक्षक रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. आंदोलन में जिला प्रवक्ता संजीव कुमार, विवेक दुबे उर्फ राजा दुबे, मुकेश यादव, शंकर उरांव, बिट्टू दास समेत आजसू पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे.