लातेहार। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, अर्नब चक्रवात और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लातेहार जिले को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है. जिले में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने 29 अक्टूबर को कक्षा एक से 12वीं तक की सभी कक्षाओं को स्थगित करने का आदेश जारी किया है. जारी निर्देश के अनुसार, निजी विद्यालयों में यदि पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से निर्णय ले सकता है. वहीं, शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करने तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. मौसम की गंभीरता को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है.