लातेहार। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सौजन्य से गुरुवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और जरूरत के अनुसार चश्मा प्राप्त किया. इस पहल का उद्देश्य लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और आंखों की बीमारियों के प्रति जागरूक करना था. पुलिस एसोसिएशन लातेहार शाखा के उपाध्यक्ष जगत प्रकाश ने बताया कि लातेहार जिले के पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा लंबे समय से जनकल्याण के उद्देश्य से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करने का आग्रह किया जा रहा था. इस संदर्भ में पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रांतीय शाखा से चर्चा की गई. उनके मार्गदर्शन में लातेहार शाखा की ओर से यह शिविर आयोजित किया गया. उन्होंने बताया कि शिविर में रांची के शार्प साइट नेत्रालय के सहयोग से लोगों की आंखों की जांच की गई और जरूरतमंदों को चश्मा उपलब्ध कराया गया. जगत प्रकाश ने कहा कि पुलिस एसोसिएशन केवल पुलिसकर्मियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है. उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने यह भी बताया कि शार्प साइट नेत्रालय के साथ पुलिस यूनियन का जुड़ाव स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से भी है.