लातेहार। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं बटालियन के कमाडेंट राजेश सिंह नेतृृृत्व व मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत बकरीपालन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में ए समवाय तिसिया, एफ समवाय बांसकरचा और ई समवाय बारेसांढ़ स्थित महुआडांड़ व गारू के 11 गांवों के 30 ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केद्र गुमला में किया गया. मौके पर उप कमाडेंट राहुल त्यागी, विकास भारती विशुनपुर के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत,, वैज्ञानिक डा बृजेश पांडेय, इ.एन ओराई व डा विनोद आदि मौजूद थे. इस अवसर पर कमांडेंट राजेश सिंह ने कहा कि भारत सरकार के गृह विभाग के तत्वावधान में उग्रवाद व नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में में प्रभावित, निर्धन व जरूरतमंद लोगों के लिए नागरिक कल्याण कार्यक्रम चलाया जाता है. इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय युवकों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाता है. इसी क्रम में बकरीपालन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है. उन्होने कहा कि बकरीपालन ग्रामीण परिवारों की खुशहाली और टिकाऊ आजीविका सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए स्वरोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी एक प्रमुख चुनौती है. इसे ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सामग्री के वितरण के साथ-साथ युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी उद्देश्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. युवाओं को बकरियों की नस्ल चयन, चारा प्रबंधन, टीकाकरण, रोगों की पहचान और बाजार प्रबंधन की जानकारी दी गई.