लातेहार। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गुरुवार शाम “हुनर से रोजगार” कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम के तहत बरवाडीह प्रखंड के मंडल ग्राम में वन शिविर का आयोजन किया गया. मौके पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, डीएफओ प्रजेशकान्त जैना मुख्य रूप से मौजूद थे.
Advertisement
मंत्री श्री किशोर ने अपने संबोधन मे पलामू टाइगर रिजर्व के इन अभिनव प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह पहल स्थानीय ग्रामीणों और आदिवासी युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी. कार्यक्रम में बताया गया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय आदिवासी युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ना है.
Advertisement
इस पहल के तहत मंडल, कुटकू, भजनाथ, बुढ़ा पहाड़ और आसपास के दुर्गम आदिवासी गाँवों के 30 युवाओं को “टू-व्हीलर रिपेयरिंग कोर्स” में प्रशिक्षित किया जा रहा है. इस प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर और अन्य तकनीकी शिक्षा भी प्रदान की जाएगी. सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को राष्ट्रीय कौशल विकास प्रमाणपत्र दिया जाएगा. जिससे वे देशभर के विभिन्न नियोक्ताओं से जुड़ सकेंगे. इस कार्यक्रम के तहत पलामू टाइगर रिजर्व की इको विकास समिति द्वारा “कोयल कोल्ड प्रेस्ड सरसों तेल” का भी शुभारंभ किया गया.
Advertisement
यह तेल स्थानीय किसानों द्वारा पारंपरिक लकड़ी के प्रेसवे से तैयार किया गया है. जिससे इसकी प्राकृतिक पौष्टिकता बनी रहती है. यह तेल 400 रुपया प्रति लीटर की कीमत पर उपलब्ध होगा और स्थानीय बाजार को बढ़ावा देगा. इसके अलावा, आदिवासी मूल्यों और पारंपरिक हस्तशिल्प को संरक्षित करने के उद्देश्य से बाँस और लताओं से फर्नीचर बनाने की कार्यशालाएँ भी आयोजित की जाएंगी. मेधावी छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए “टाइगर किड” कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई है.
Advertisement
कार्यक्रम में बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, रेंजर अजय टोप्पो, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह, थाना प्रभारी राधेश्याम कुमार, वनपाल अखिलेश व श्रवण समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग व वन विभाग के अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे.