लातेहार। जिला मुख्यालय के सीजीएम चर्च, पहाड़पुरी में रविवार को खजूर रविवार का पर्व मनाया गया. इस अवसर पर विशेष आराधना और उत्सव का आयोजन किया गया. इस दिन को यीशु मसीह के यरुशलेम आगमन की स्मृति में मनाया जाता है, जब लोगों ने उन्हें खजूर की डालियां दिखाकर स्वागत किया था. इस अवसर पर चर्च परिसर को सुंदर फूलों और खजूर की डालियों से सजाया गया था. कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना और स्तुति-आराधना से हुई. विशेष मिस्सा पूजा की गयी. मसीही विश्वासी खजूर की डालियां लेकर प्रभु यीशु के सम्मान में जुलूस के रूप में चर्च पहुंचे. चर्च के पादरी ने इस अवसर पर यीशु मसीह के प्रेम, त्याग और शांति के संदेश पर प्रकाश डाला. बच्चों और युवाओं ने प्रभु यीशू मसीह व बाइबिल से संबंधित गीत और नाट्य प्रस्तुति कर माहौल भक्तिमय और भावुक बना दिया.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और उन्होंने एकता, प्रेम और सेवा का संकल्प लिया. कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया. पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला. मौके पर पास्टर शिवनारायण तिवारी ने विशेष संदेश दिया. इस अवसर पर सीजीएम चर्च समिति के सदस्य बिलासी टोपनो, विजय खलखो, निरंजन कुजूर, प्रभु कुजूर, महिमा लोगन, जूली कुजूर व राजन मसीह आदि मौजूद थे.
Advertisement
महुआडांड़( लातेहार)। महुआडांड़ के बड़े चर्च में खजूर पर्व के अवसर पर मुख्य अनुष्ठानकर्ता फादर दिलीप एक्का द्वारा पवित्र मिस्सा पूजा कराया गया. उन्होंने बताया कि खजूर इतवार के साथ हम प्रभु के दु:खभोग ,मरण और पुनरूत्थान के सप्ताह में प्रवेश कर रहे हैं. आज का पर्व हमें उसी जुलूस की याद दिलाता है, जो दो हजार वर्ष पूर्व येरूसलेम शहर में निकाला गया था. हाथों में खजूर की डालियों लेकर जुलूस में भाग लेने का मतलब यह है कि हम येसू को अपने हदय में एवं जीवन में स्वागत करते हैं. आज से हम पवित्र सप्ताह आरंभ कर रहे हैं. इसके दौरान येसु को हम अपने मिशन की पराकाष्ठा तक पहुंचते हुए पायेंगे. मिस्सा पूजा शुरू होने से पहले खजूर की डालियों के साथ चर्च परिसर में ही शोभायात्रा निकाली गई.
Advertisement
शोभा यात्रा चर्च परिसर से निकलकर शहीद चौक होते संत तेरेसा विद्यालय होकर चर्च परिसर में पुन: आई और प्रर्थाना सभा में तब्दील हो गई. मिस्सा पूजा में चर्च के फादर सुरेश तिर्की, फादर समीर, फादर पतरस सहित हेड प्रचार आनंद के साथ सिस्टर स्वती उपस्थित थे।गाना का संचालन संत तेरेसा बालिका विद्यालय के हॉस्टल युवती व सिस्टर द्वारा किया गया.