लातेहार, 19 जून । जिला मुख्यालय के पहाड़पुरी इलाके में महीनों से बंद पड़ी जलमीनार के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक मुकेश यादव ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को एक आवेदन सौंपा है. आवेदन में बताया गया कि गांव की एकमात्र जलमीनार पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है. इससे लगभग 50 घरों के लोग बुरी तरह प्रभावित हैं. ग्रामीणों को रोज़ाना एक से दो किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है. गर्मी के इस मौसम में स्थिति और भी भयावह हो गई थी. संयोजक मुकेश यादव ने जलमीनार की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की है. कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.