लातेहार। शहर के बीचो बीच स्थित अंबाकोठी में श्रीरामचरित मानस नवाह्रन परायण पाठ का 52 वां अधिवेशन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शुरू हुआ. इसका उदघाटन पूर्व मंत्री सह श्रीरामचरित मानस नवाह्रन परायण पाठ महायज्ञ समिति के मुख्य संरक्षक बैद्यनाथ राम व समिति के संस्थापक सदस्य जवाहर प्रसाद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया. वैदिक मंत्रोच्चारण अनिल मिश्रा ने किया. इस अवसर पर मुख्य यजमान डा विनय सप्तीक मौजूद थे. संबोधित करते हुए श्री राम ने कहा कि महायज्ञ परिसर में उपस्थित संख्या उत्साहवर्द्धक है. उन्होने कहा कि आज के इस भौतिकवाद के समय में धर्म के प्रति इतना उत्साह निश्चित रूप से सराहनीय है.
संबोधित करते पूर्व मंत्री सह महायज्ञ समिति के मुख्य संरक्षक बैद्यनाथ राम
उन्होने आगे कहा कि श्रीरामचरित मानस सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह जीवन का सार है. अगर इसे अपने जीवन में उतार लिया जाये तो जीवन सार्थक हो जायेगा. पिता का पुत्र से, भाई से भाई का और राजा का प्रजा के प्रति कैसा व्यवहार हो यह हमें यह ग्रंथ सीखाता है. उन्होने कहा कि यह समाज का दर्पण है. श्रीरामचरित मानस की एक-एक चौपाई जीवन के गुढ़ रहस्यों को परिलक्षित करता है. महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद सिंह ने 52 वें अधिवेशन पर लोगों को बधाई दी. उन्होने कहा कि 1973 में सीमित संसाधनों में इस आयोजन को शुरू किया गया था, लेकिन आज यह आयोजन विराट व भव्य रूप ले चुका है. पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल व संरक्षक अशोक कुमार महलका ने भी श्रीरामचरित मानस के संदेश को अपने जीवन में उतारने की अपील की. गिरिडीह से आये श्रीराम कथा वाचक अनिल भारद्वाज ने श्रीरामचरित मानस के कई प्रसंगों का उल्लेख किया. उन्होने कहा कि हम अगर मन में श्रद्धा और विश्वास हो तो हम एक सच्चे भक्त बन सकते हैं. धन्यवाद ज्ञापन महासमिति के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार महलका ने किया. उन्होने कहा कि लातेहार में श्रीराम का मंदिर बनाने की परिकल्पना की जा रही है और इसमें लोगों का तन मन व धन से सहयोग अपेक्षित है. मंच का संचालन मंत्री सुनील कुमार शौंडिक ने किया. मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल, डा विशाल शर्मा, संतोष अग्रवाल, राजीव रंजन पांडेय, सुदामा प्रसाद गुप्ता, मदन प्रसाद, सुरेश प्रसाद, अनूप महलका, प्रकाश मोहन अग्रवाल, राजेश सिंह, दिनेश कुमार महलका, कन्हाई प्रसाद अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, चंद्र प्रकाश उपाध्याय, आशीष पांडेय, प्रभात कुमार, रंजीत कुमार, नागेंद्र प्रसाद, राजेश अग्रवाल, अंकित पांडेय, रविंद्र प्रजापति समेंत कई लोग मौजूद थे.