लातेहार। मंगलवार की दोपहर हुई अचानक वज्रपात में दो गरीब किसानों की 15 बकरियां मर गयी. घटना बालुमाथ थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार चितरपुर निवासी नरेश उरांव की पांच और ब्रह्मदेव लकड़ा की 10 बकरियां इस हादसे में मारी गईं. दोनों किसान रोज की तरह बकरियों को गांव से सटे चरागाह की ओर ले गए थे. इसी बीच अचानक मौसम ने करवट ली और तेज मूसलाधार बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गयी. बकरियां बारिश से बचने के लिए एक महुआ के पेड़ के नीचे जा खड़ी थी. तभी अचानक हुई वज्रपात में सभी 15 चपेट मे आ कर झुलस गईं और मौके पर ही उन्होने दम तोड़ दिया. घटना के बाद से दोनों किसान बेहद मायूस और चिंतित हैं. नरेश उरांव ने कहा कि बकरियां ही उनके आजीविका का एक मात्र साधन थीं. इतनी संख्या में बकरियों की मौत से वे पूरी तरह से टूट गए हैं. किसानों ने जिला प्रशासन से आर्थिक मुआवजा प्रदान करने की मांग की है.