महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड थाना क्षेत्र से सात वर्षीय नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता को नेतरहाट थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. महुआडांड महिला थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 27/07/2026 के तहत BNS की धारा 96 और पोक्सो एक्ट की धारा 8/12 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी के अनुसार आरोपी जगदीश नगेशिया, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता अग्नु नगेशिया, ग्राम दीपटोली, थाना महुआडांड, ने उक्त बच्ची को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था. सूचना मिलने पर महुआडांड थाना पुलिस ने छापेमारी कर नेतरहाट क्षेत्र से बच्ची को बरामद किया. साथ ही आरोपी जगदीश नगेशिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.