महुआडांड़ (लातेहार)। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर महुआडांड़ प्रखंड के सभी 83 मतदान केंद्रों पर एक माह तक चला विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. अभियान के दौरान 90.07 प्रतिशत मतदाताओं का डिजिटलाइजेशन पूरा कर लिया गया. अब पांच अगस्त को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद छूटे हुए मतदाताओं के लिए दावा-आपत्ति एवं सुधार की प्रक्रिया शुरू होगी. 29 जून से 29 जुलाई तक चले इस अभियान में कुल 166 बीएलओ ने घर-घर जाकर एवं बूथों पर बैठकर मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरने का कार्य किया. इनमें आंगनबाड़ी सेविकाएं तथा बीएलओ-2 के रूप में शिक्षक भी शामिल रहे. अभियान को सफल बनाने में विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया. प्रखंड में कुल 54,767 मतदाताओं का गणना प्रपत्र भरना निर्धारित था. इनमें से 49,328 मतदाताओं का सफलतापूर्वक डिजिटलाइजेशन किया गया, जो कुल लक्ष्य का 90.07 प्रतिशत है. अभियान के दौरान 5,439 एएसडीडीएफ (ASDDF) प्रपत्र लंबित रहे. इनमें 2,866 मतदाता दूसरे स्थान पर स्थानांतरित (शिफ्ट) पाए गए हैं. 800 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है तथा 782 नाम डुप्लीकेट मिले. इसके अलावा 972 मतदाता अनुपस्थित पाए गए. जिनका सत्यापन नहीं हो सका. 19 मतदाताओं ने हस्ताक्षर कर जमा नहीं किया. अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पांच अगस्त को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके साथ ही नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी.जिन मतदाताओं का डिजिटलाइजेशन किसी कारणवश नहीं हो सका है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति एवं आवश्यक सुधार का अवसर दिया जाएगा, ताकि अंतिम मतदाता सूची अधिक से अधिक त्रुटिरहित और अद्यतन हो सके.