लातेहार। संत जेवियर्स स्कूल के बाहर प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश कुमार यादव एवं प्रखंड प्रभारी उज्जवल कुमार गुप्ता ने जिला परिवहन पदाधिकारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.ज्ञापन में बताया गया है कि विद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय स्कूल बसों, ऑटो, ई-रिक्शा तथा निजी वाहनों के अव्यवस्थित संचालन के कारण सड़क पर प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. यह जाम करीब 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक बना रहता है, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों एवं अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि कई बार आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी इस जाम में फंस जाते हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों द्वारा कई बार इस समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. उन्होने जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थल का शीघ्र निरीक्षण करने एवं विद्यालय प्रबंधन को सुव्यवस्थित पिक-अप एवं ड्रॉप व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्धारित पार्किंग स्थल बनाने और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर नियंत्रण के लिए निर्देश जारी करने का आग्रह किया. इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के खुलने एवं छुट्टी के समय यातायात पुलिस की तैनाती करने की भी मांग की.