लातेहार। प्रखंड कार्यालय के समीप मंगलवार को सड़क दुर्घटना में एक स्कूली छात्र और बाइक सवार युवक घायल हो गए. घटना उस समय हुई, जब उन्नत का पहिया कार्यक्रम के तहत प्रखंड कार्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जा रहा था. जानकारी के अनुसार उत्क्रमित मध्य विद्यालय नावागढ़ का छात्र उज्जवल कुमार साइकिल प्राप्त करने के बाद सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान कोने गांव निवासी नितेश कुमार बाइक से प्रखंड कार्यालय की ओर जा रहा था. इसी क्रम में सड़क पार कर रहे छात्र को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. तौहिद ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. बाइक सवार नितेश कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि छात्र की स्थिति उपचार के बाद सामान्य बताई गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.