बालूमाथ (लातेहार)। 20 घंटे के बाद डाटम पाटम में डूबे दोनों युवकों के शव को निकालने में एनडीआरएफ की टीम सफल हुई है. हेरहंज थाना क्षेत्र स्थित डाटम पातम जलप्रपात में रविवार को घूमने पहुंचे दो युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए थे. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. रविवार को घटनास्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. डूबे हुए युवकों की पहचान जाकिर कुरैशी के पुत्र आकिब कुरैशी उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी रहमत नगर, बालूमाथ व आशिफ अंसारी निवासी रनेभरी, पांकी प्रखंड के रूप में हुई है. घटना की सूचना के बाद हेरहंज पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और दल-बल के साथ मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था. स्थानीय गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में डूबे युवकों की तलाश के लिए प्रयास किया गया था. लेकिन रविवार को नहीं निकाला जा सका था. सोमवार को विशेष रूप से एनडीआरएफ की टीम के द्वारा डूबे हुए युवकों की तलाश के लिए ऑपरेशन चलाया गया. लगातार खोजबीन करने के बाद दोनों युवकों को मृत अवस्था में निकाल पाने में एनडीआरएफ की टीम सफल हुई. शव निकाले जाने के बाद हेरहंज पुलिस ने दोनों मृत युवकों के शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है. इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे. दोनों मृत युवकों के परिजनों के परिजनों के चीख पुकार से पूरा माहौल बेहद गमगीन और संवेदनशील हो गया. ज्ञात हो कि एक सप्ताह पूर्व बालूमाथ रेलवे ओवरब्रिज के समीप तालाब में नहाने के दौरान डूबने से बालूमाथ स्थित एफसीआई गोदाम में मजदूरी करने वाले वरण नायक की मौत हो गई थी. एनडीआरएफ की टीम के द्वारा ही ऑपरेशन चलाया गया था.